सिंचाई विभाग के नालों की प्रस्तावित सफाई कार्ययोजना पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक मानसून से पहले समयबद्ध सफाई, सत्यापन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में सिंचाई विभाग के नालों की प्रस्तावित सफाई कार्ययोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी सिंचाई नालों की सफाई कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी सुचारु बनी रहे और कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नालों से प्रभावित ग्रामों के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्ययोजना, रोस्टर और कार्यक्रम की जानकारी पहले से उपलब्ध कराई जाए। इससे कार्यों में पारदर्शिता बनी रहेगी तथा जनसहभागिता के माध्यम से निगरानी भी अधिक प्रभावी हो सकेगी।

उन्होंने नालों की सफाई कार्यों के सत्यापन के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों का सत्यापन किया जाए तथा प्रगति के फोटोग्राफिक साक्ष्य भी संकलित किए जाएं, जिससे गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता (सिंचाई) को विभाग से संबंधित आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी निराकरण किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *