संवाददाता | उरई/जालौन
एडीजी यातायात उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा ऐट टोल प्लाजा पर देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाकर शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई, जिसमें 14 चालक ड्रिंक एंड ड्राइव करते पाए गए। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा 13 वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने तथा 14 वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) न होने पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान में हुई बड़ी कार्रवाई
- कुल चालान किए गए वाहन : 370
- कुल अधिरोपित जुर्माना : ₹5,65,500
- बिना हेलमेट चालान : 195 वाहन
- हेलमेट उल्लंघन पर जुर्माना : ₹2,54,500
लगातार हो रही कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
यातायात प्रभारी वीर बहादुर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के पीछे “नशा, नींद और तेज रफ्तार” सबसे बड़े कारण हैं। उन्होंने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।