संवाददाता | उरई
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने तंबाकू मिश्रित सुपाड़ी की रोकथाम को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान अजनारी बाईपास स्थित लल्लाधाम के पास श्री बालाजी ट्रेडर्स से सुगंधित सुपाड़ी (ब्रांड महाशिव गोल्ड) का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं कुईया रोड उरई स्थित प्रतिष्ठान से स्वादिष्ट सुपाड़ी (ब्रांड भोला शंकर) का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
खाद्य विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने मानकों के विपरीत पाए जाते हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जिले के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण किए जाएंगे।
इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव एवं सुनील कुमार सहित विभागीय टीम मौजूद रही।