जिलाधिकारी कपिल सिंह ने महिला एवं बाल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता, कानपुर देहात

कानपुर देहात, 12 मई 2026। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल विवाह रोकथाम, चाइल्ड हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) में महिलाओं तथा बालक/बालिकाओं से संबंधित प्राप्त मामलों में पीड़ितों का तत्काल चिकित्सीय स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने बाल विवाह रोकथाम से जुड़े मामलों में संबंधित उप जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पीड़िताओं को लाभपरक योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए। वहीं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव ने बताया कि मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत जनपद, ब्लॉक, वार्ड एवं ग्राम स्तर पर बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों का गठन किया गया है। वार्ड एवं ग्राम स्तर पर गठित समितियों की प्रथम त्रैमासिक बैठक भी आयोजित की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि इन बैठकों के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड एवं सामान्य), निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाता है तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराए जाते हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, श्रम प्रवर्तन कार्यालय, मानव तस्करी निरोधक इकाई एवं पुलिस बाल कल्याण अधिकारियों के समन्वय से जनपद में बाल श्रम एवं बाल तस्करी विरोधी अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, विशेष किशोर पुलिस इकाई, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग इकाई, वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *