संवाददाता, कानपुर देहात
कानपुर देहात, 12 मई 2026। जनपद की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी के शत-प्रतिशत भुगतान एवं श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रनियां स्थित कल्याण मंडपम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में उद्यमी बंधुओं, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने, श्रमिक अधिकारों की रक्षा करने तथा औद्योगिक वातावरण को शांतिपूर्ण बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक किसी भी उद्योग की आधारशिला होते हैं और उनके हितों की रक्षा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी औद्योगिक इकाइयां श्रम कानूनों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा कर्मचारियों को समय पर वेतन, सुरक्षित कार्य वातावरण एवं अन्य वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
न्यूनतम वेतन दरें सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने शासनादेश के अनुरूप अप्रैल 2026 से निम्न न्यूनतम मजदूरी दरों का अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए—
- अकुशल श्रमिक — ₹12,356 प्रतिमाह
- अर्द्धकुशल श्रमिक — ₹13,590 प्रतिमाह
- कुशल श्रमिक — ₹15,224 प्रतिमाह
उन्होंने निर्देशित किया कि इन मजदूरी दरों की जानकारी प्रत्येक औद्योगिक प्रतिष्ठान के नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से चस्पा की जाए, ताकि श्रमिकों को अपने अधिकारों की जानकारी आसानी से मिल सके।
ओवरटाइम एवं अवकाश संबंधी निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ओवरटाइम कार्य का भुगतान नियमानुसार दोगुनी दर से किया जाए। साथ ही कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश, सीएल, ईएल एवं अन्य अनुमन्य अवकाश उपलब्ध कराए जाएं। अवकाश के दिन कार्य लेने की स्थिति में अतिरिक्त भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को वेतन पर्ची उपलब्ध कराई जाए तथा ईएसआईसी एवं ईपीएफ कटौती का स्पष्ट विवरण दिया जाए। साथ ही सभी कंपनियां प्रत्येक माह की 07 तारीख तक कर्मचारियों के वेतन का भुगतान बैंक खाते के माध्यम से करें।
शिकायत निवारण एवं हेल्पलाइन सुविधा
जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक इकाइयों में शिकायत पेटिका स्थापित करने तथा शिकायतों के समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिक किसी भी समस्या की शिकायत प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9984361936 एवं 7054835123 पर कर सकते हैं।
औद्योगिक शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने उद्यमियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों से औद्योगिक क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों एवं प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक है, जिससे किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो और औद्योगिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित होती रहें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी, सहायक श्रमायुक्त रामआशीष, उद्योग उपायुक्त प्रभात यादव, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।