गेहूं खरीद केंद्रों पर डीएम राजेश कुमार पाण्डेय की पैनी नजर, किसानों से सीधे संवाद कर जाना हाल

उरई/जालौन | 09 मई 2026 | संवाददाता

जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय ने एट मंडी परिसर में स्थापित खाद्य विपणन एवं पीसीएफ के गेहूं क्रय केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, तौल व्यवस्था, साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता की गहन समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा के अनुरूप बिना किसी असुविधा के गेहूं खरीद सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही कहा कि यदि किसी किसान को कोई समस्या होती है तो वह सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकता है, जिसका तत्काल समाधान कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित हो तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रय केंद्रों पर गेहूं बेच चुके किसानों से दूरभाष पर बात कर फीडबैक भी लिया। किसानों ने खरीद प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बताया, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं इसी प्रकार बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने मंडी सचिव को परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *