उरई/जालौन | संवाददाता
जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशों के अनुपालन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर परिवहन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की गई।
दिनांक 08 मई 2026 को सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न स्थानों—जोल्हूपुर मोड़, आटा टोल प्लाजा, गोबिंदम एवं मेडिकल तिराहा उरई—पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 14 वाहनों को ‘‘नो-पार्किंग’’ जोन में खड़ा पाया गया, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं और सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए स्पष्ट संदेश है कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और सड़क पर अवैध पार्किंग से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।