उरई/जालौन | संवाददाता
जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, विद्युत, सड़क, पेंशन, राशन कार्ड एवं भूमि विवाद से जुड़े कई मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को पारदर्शी एवं संतोषजनक तरीके से निपटाने पर जोर देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास का एक सशक्त माध्यम है। प्रत्येक शिकायत का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए।