राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु परिवार न्यायालय में बैठक आयोजित, दिए गए आवश्यक निर्देश

संवाददाता, उरई/जालौन | दिनांक: 07 मई 2026

उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (09 मई 2026) को सफल बनाने के उद्देश्य से परिवार न्यायालय, जालौन (उरई) में अनुश्रवण राष्ट्रीय लोक अदालत समिति की पंचम बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत परिवार न्यायालय एवं अपर प्रधान न्यायाधीश श्री प्रवीण कुमार पाण्डेय ने की। यह बैठक माननीय प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री मनोज कुमार सिंह गौतम के निर्देशन में नवनिर्मित भवन स्थित वादकारियों के प्रतीक्षालय/परामर्शदाता केंद्र में संपन्न हुई।

बैठक में अध्यक्ष/नोडल अधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक पारिवारिक, वैवाहिक एवं भरण-पोषण से संबंधित मामलों में पक्षकारों के बीच सुलह-समझौते का प्रयास किया जाए, जिससे लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

परामर्शदाता श्री के.के. प्रजापति एवं सदस्य/मध्यस्थ श्रीमती सुलेखा सिंह ने अवगत कराया कि न्यायालय से प्राप्त वादों में लगातार मध्यस्थता (मेडिएशन) की प्रक्रिया अपनाई जा रही है तथा पक्षकारों से संपर्क कर सुलह वार्ता कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 6 मामलों में सफलतापूर्वक समझौता कराया जा चुका है।

बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने भी आश्वासन दिया कि आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण हेतु पक्षकारों को जागरूक एवं प्रेरित किया जाएगा।

इस अवसर पर सदर मुंसरिम श्री काजी वसीम उल्ला, अधिवक्ता श्री रामजी शाक्य, श्री अंशुमान दीक्षित, श्रीमती आकांक्षा पटेल, सुश्री निकिता, सुश्री ज्योति त्रिपाठी, श्री श्यामजीवन त्रिपाठी, श्री अनिल कुमार (मुन्ना) सहित न्यायालय के कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *