जनपद जालौन | दिनांक 06 मई 2026 (सूचना विभाग प्रकाशनार्थ)
जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना अभियान जनपद जालौन में 07 मई 2026 से प्रारंभ होने जा रहा है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री संजय कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के समग्र विकास की आधारशिला है।
उन्होंने बताया कि सही एवं सटीक जानकारी के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, आवास, पेयजल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से संचालित कर पाती है। इस बार नागरिकों को घर बैठे स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना करने की सुविधा प्रदान की गई है।
इसके लिए भारत सरकार द्वारा आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in उपलब्ध कराया गया है, जहां मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण की जा सकती है। यह अभियान 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्व-गणना करते समय परिवार से संबंधित सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक एवं सही-सही भरना अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज का विवरण सही दर्ज किया जाए, जिससे योजनाओं का सटीक आकलन किया जा सके।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना पूर्ण होने के बाद नागरिकों को एक SE ID प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब उसी SE ID के आधार पर जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी श्री संजय कुमार ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, सही जानकारी उपलब्ध कराएं तथा दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि जनगणना के माध्यम से विकास की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए नागरिक जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। जनपद प्रशासन द्वारा भी व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ सकें।