मंच पर जुटे पदाधिकारी, दर्शक दीर्घा में गिने-चुने लोग; योजनाओं और स्वच्छता का दिया संदेश
संवाददाता
राजपुर/कानपुर देहात
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में गुरुवार को राजपुर के पुराने बस स्टैंड पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। लखनऊ से पहुंचे कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और जनहित से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।
योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित
कलाकारों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए नागरिकों से सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के आयोजन को लेकर नगर पंचायत की ओर से टेंट, कुर्सियों और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। हालांकि कार्यक्रम के दौरान आमजन की अपेक्षित भागीदारी देखने को नहीं मिली। दर्शक दीर्घा में कुछ बच्चे और राहगीर ही नजर आए, जबकि नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मंच पर नजर आए भाजपा पदाधिकारी
कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाजपा के कई पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया उपस्थित नहीं हो सके। उनकी ओर से अरविंद कठेरिया ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस दौरान भाजपा जिला मंत्री बंशलाल कटियार, जिला मंत्री क्रांतिवीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष फूलचंद कठेरिया, मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सीमित संख्या में पहुंचे दर्शक
आयोजकों के अनुसार नुक्कड़ नाटक का उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और नागरिकों को सरकारी योजनाओं तथा सामाजिक सरोकारों से जोड़ना था। हालांकि मौके पर सीमित संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण अभियान के इस कार्यक्रम में आमजन की भागीदारी अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, सरकारी योजनाओं और सामाजिक जागरूकता का संदेश जरूर दिया गया, लेकिन अपेक्षित संख्या में स्थानीय लोगों के नहीं पहुंचने से जनभागीदारी का उद्देश्य पूरी तरह प्रभावी होता नजर नहीं आया।