संवाददाता
उरई/जालौन
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत ग्राम कैलोर में जन चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक जालौन की अध्यक्षता में आयोजित जन चौपाल में बड़ी संख्या में बालिकाओं, महिलाओं एवं ग्रामवासियों ने प्रतिभाग किया।
जन चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिला सशक्तिकरण तथा सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने तथा अपनी समस्याओं को निडर होकर सामने रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन, पुलिस सहायता एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहने तथा किसी भी तरह की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया।
जन चौपाल में यातायात नियमों के पालन को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। लोगों को यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। ग्रामीणों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए कहा गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड का विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि साइबर अपराध अथवा किसी अन्य आपराधिक घटना का शिकार होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें। जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है।