बाल संरक्षण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना पर हुई बैठक

बाल विवाह, बाल शोषण और मानव तस्करी रोकने पर जोर, पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात।

सरवनखेड़ा ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। खंड विकास अधिकारी गणेश शंकर वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में बाल विवाह, बाल शोषण और मानव तस्करी की रोकथाम के साथ बच्चों की सुरक्षा तथा बालिकाओं की शिक्षा पर जोर दिया गया।

बाल संरक्षण योजनाओं की दी गई जानकारी

बैठक में संरक्षण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ओझा ने मिशन वात्सल्य, पॉक्सो अधिनियम और फोस्टर केयर योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बाल संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

वहीं, जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव ने बेटा-बेटी के बीच भेदभाव नहीं करने और महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक किया। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना की भी जानकारी दी गई।

पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

खंड विकास अधिकारी गणेश शंकर वर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। साथ ही ग्राम स्तरीय समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर बाल संरक्षण से जुड़े मामलों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

बैठक के दौरान जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं और पीड़ितों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 शामिल हैं।

बैठक में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हर्ष मोहन सचान, बाल विकास परियोजना अधिकारी उपासना झा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *