डीएम समीर ने मिष्ठान खिलाकर दी शुभकामनाएं, लखनऊ में मुख्यमंत्री ने वितरित किए नियुक्ति पत्र
संवाददाता
उरई/जालौन
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित जालौन जनपद के 23 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को सोमवार को नियुक्ति पत्र मिले। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रदेश स्तर पर कुल 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
कार्यक्रम से पहले जिलाधिकारी समीर ने जालौन के नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उन्हें लखनऊ के लिए रवाना किया। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नवचयनित अधिकारियों में खुशी का माहौल रहा। उनके लिए यह सरकारी सेवा में प्रवेश के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा और विकास कार्यों से जुड़ने का नया अवसर है।
ग्रामीण विकास में निभाएंगे जिम्मेदारी
लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर शासन की विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
जालौन के नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारी अब ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों और ग्रामीण नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही उनके कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियों की शुरुआत हो गई है।
जिलाधिकारी समीर ने सभी नवचयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए ग्राम पंचायतों के विकास में योगदान देंगे।