डीएम कपिल सिंह ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, 16 नवंबर से स्व-गणना और 1 दिसंबर से शुरू होगी जनसंख्या गणना
संवाददाता
कानपुर देहात।
भारत की जनगणना-2027 के तहत प्रगणकों और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को प्रभात इंजीनियरिंग कॉलेज, बारा, अकबरपुर में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया और निर्धारित कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के शुद्ध और विश्वसनीय आंकड़े विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आधार होते हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों की निजता का सम्मान करने और उनकी जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।
14 बैचों में 2,800 कार्मिकों को मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को गंभीरता से लेने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य ने कहा कि जनगणना के दौरान कोई भी परिवार छूटना नहीं चाहिए और आंकड़े अनुमान के आधार पर दर्ज नहीं किए जाने चाहिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक 14 बैचों में कुल 2,800 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, गणना प्रपत्र भरने, डिजिटल प्रविष्टियों के सत्यापन और क्षेत्रीय कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है।
16 नवंबर से स्व-गणना, 1 दिसंबर से जनसंख्या गणना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी। इस कार्य को व्यवस्थित और सटीक तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
अधिकारियों और मास्टर ट्रेनरों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार अकबरपुर सहित संबंधित अधिकारी, मास्टर ट्रेनर और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। नोडल मास्टर ट्रेनर वर्तिका गुप्ता तथा अन्य प्रशिक्षक कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।