हेलमेट है जीवन की ढाल, यातायात नियमों का पालन सभी की जिम्मेदारी
कानपुर देहात, 16 सितम्बर 2025।
सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने मंगलवार को अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे विशेष अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित वाहन चलाना हर चालक की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हेलमेट केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का साधन नहीं है, बल्कि परिवार और समाज की सुरक्षा का भी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट का प्रयोग करें और अपने परिवारजनों व मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने भी उपस्थित नागरिकों से आग्रह किया कि वे यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि “हेलमेट जीवन की ढाल है, इसे आदत बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, दुर्घटना से बचाव के उपाय और हेलमेट के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन समय-समय पर इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान चलाता रहेगा, जिससे आमजन में सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, उप जिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।