विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथों का किया स्थलीय निरीक्षण

संवाददाता – कानपुर देहात

माननीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात के विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान कंपोजिट स्कूल बारा में स्थापित बूथ संख्या 196, 197, 198, 199, 200, 201 एवं 202 तथा प्राथमिक विद्यालय नवींपुर (नागिनजसी) स्थित बूथ संख्या 183, 184 एवं 185 का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची के सार्वजनिक वाचन की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रविष्टियों की गहन जांच की। जिन मतदाताओं की फोटो स्पष्ट नहीं पाई गई, उनकी फोटो पुनः लेकर सूची को अद्यतन कराने के निर्देश संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बीएलओ को प्रिव्यू ऑप्शन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा फॉर्म-6 के अंतर्गत नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी आवेदनों के साथ आवश्यक अभिलेख संलग्न हों तथा घोषणा पत्र पर आवेदक के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से कराए जाएं।

निरीक्षण के दौरान प्रत्येक बीएलओ से मोबाइल ऐप का संचालन कराकर उसकी कार्यप्रणाली भी परखी गई और त्रुटिरहित एवं समयबद्ध डाटा अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं अद्यतनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, जिसे सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर तहसीलदार अकबरपुर श्री पवन सिंह, बीएलओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *