राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिलाई मतदाता शपथ, उत्कृष्ट बीएलओ हुए सम्मानित

संवाददाता — कानपुर देहात

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद कानपुर देहात में मतदाता जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाना एवं मताधिकार के प्रति जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी को स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक एवं बिना किसी दबाव या प्रलोभन के मतदान करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाताओं रेखा, राममूर्ति एवं मोनिका को सम्मानित कर समावेशी लोकतंत्र का सशक्त संदेश दिया गया। वहीं, नए मतदाता शिवम को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उनका मतदाता पहचान पत्र (वोटर कार्ड) प्रदान किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) — मनोज कुमार सिंह, सुनील कुमार, बृजेश कुमार पाण्डेय, देवेश कुमार, मनोज कुमार एवं मंजू पाल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों का उत्साहवर्धन हुआ। इसके अतिरिक्त मतदाता जागरूकता गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए विजय बहादुर एवं रामसेवक को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रत्येक पात्र नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। उन्होंने शपथ के प्रत्येक बिंदु को विस्तार से समझाते हुए जाति, धर्म एवं लिंग से ऊपर उठकर निष्पक्ष मतदान करने तथा किसी भी प्रकार के लालच से दूर रहने की अपील की। छात्र-छात्राओं को भविष्य का मतदाता बताते हुए उन्होंने कहा कि युवा वर्ग की जागरूकता से ही लोकतंत्र मजबूत बनता है

कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अद्यतन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में शत-प्रतिशत मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने भी उपस्थित छात्र-छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न जानकारियां देकर जागरूक किया। कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संदेश का भी प्रसारण किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, सहायक निर्वाचन अधिकारी गिरिवर प्रसाद, सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत अजीत पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारीगण, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *