तहसील डेरापुर में समाधान दिवस: 212 शिकायतें सुनीं, छह का मौके पर निस्तारण

डीएम कपिल सिंह ने समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के दिए निर्देश

संवाददाता, कानपुर देहात
जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसील डेरापुर में आमजन की समस्याओं व शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान कुल 212 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, संतोषजनक और गुणवत्ता पूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

भूमि विवाद से जुड़े मामलों में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निस्तारण सुनिश्चित करने, छोटे मामलों को भी गंभीरता से लेने तथा मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस और तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई करने, शिकायत रजिस्टर बनाने, नियमित समीक्षा करने और शिकायतकर्ताओं से मधुर व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए। इस दौरान खतौनी से संबंधित शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता को तत्काल खतौनी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी डेरापुर सुरभि शर्मा, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *