जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस अंतर्गत तहसील भोगनीपुर में सुनी जनसमस्याएं

76 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा तहसील भोगनीपुर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निस्तारण में गुणवत्ता, शिकायतकर्ता की संतुष्टि एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

भूमि विवाद से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी ने प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर प्रकरणों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे मामलों को भी गंभीरता से लिया जाए और उन्हें लंबित न रखा जाए। माननीय मुख्यमंत्री संदर्भ, अन्य माननीय जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त समस्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई करने, शिकायतों का पृथक रजिस्टर बनाए रखने, नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतकर्ताओं एवं आमजन से मधुर एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी भोगनीपुर, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *