संवाददाता — कानपुर देहात
अकबरपुर–रनिया विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने गुरुवार को विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ संख्या 257, 268 एवं 260 के अंतर्गत ग्राम परसौली, भुजपुरा तथा कस्बा रूरा स्थित नगर पंचायत कार्यालय में बनाए गए ब्लॉक स्तरीय हेल्प डेस्क का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राज्यमंत्री ने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से फार्म-6 के माध्यम से हो रहे नए मतदाता पंजीकरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में नई महिला मतदाताओं द्वारा फार्म-6 भरकर जमा किए गए, जिससे अभियान में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने मौके पर उपस्थित महिला मतदाताओं से संवाद करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाती है। इसके साथ ही उन्होंने गांवों में भ्रमण कर युवाओं एवं नए मतदाताओं से अपील की कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे शीघ्र आवेदन कर अपना नाम दर्ज कराएं।
राज्यमंत्री ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य भी है। उन्होंने फार्म-6 की कुल संख्या, लंबित आवेदनों की स्थिति एवं उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से बीएलओ का सहयोग करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जनजागरूकता अभियान को और तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापक जनसहभागिता से ही मजबूत और सशक्त लोकतंत्र का निर्माण संभव है।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन रामजी गुप्ता, रविन्द्र अवस्थी (पुच्चू), कमल शुक्ला, अंशु तिवारी, धर्मेंद्र कुशवाहा, बीनू मिश्रा, शिवा पांडेय, नितिन कुशवाहा, अंकित परमार, आलोक कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।