नई दिल्ली। दिन भर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को लगातार चौथे कारोबारी दिन कमजोरी के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर लगाया, लेकिन बिकवाली भी लगातार दबाव बनाती रही, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी की चाल भी लगातार ऊपर नीचे होती रही। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.01 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान कैपिटल मार्केट, मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। इसी तरह कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए।
दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, एनर्जी, ऑयल एंड गैस, हेल्थ केयर, एफएमसीजी, कैपिटल गुड्स और बैंकिंग इंडेक्स आज कमजोरी के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। दूसरी ओर, स्मॉल कैप इंडेक्स ने 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब 80 हजार करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 465.39 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 466.18 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 79 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
लगातार चौथे दिन बाजार में गिरावट – निवेशक सतर्क! क्या यह सुधार का मौका है या और गिरावट आएगी? नजर रखें ग्लोबल संकेतों और FII के रुख पर!