अडानी समूह और एम्ब्रायर भारत में क्षेत्रीय विमान निर्माण संयंत्र करेंगे स्थापित

एजेंसी | नई दिल्ली

अडानी समूह और ब्राजील की विमानन कंपनी एम्ब्रायर (Embraer) भारत में क्षेत्रीय विमान निर्माण इकाई स्थापित करेंगे। इस संबंध में दोनों कंपनियों के बीच रणनीतिक सहयोग समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। समझौते की औपचारिक घोषणा मंगलवार को नई दिल्ली में की गई।

अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और एम्ब्रायर के बीच यह साझेदारी भारत में क्षेत्रीय परिवहन विमानों के निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। इसके तहत भारत में फाइनल असेंबली लाइन (FAL) स्थापित की जाएगी, जिससे घरेलू विमानन उद्योग को मजबूती मिलेगी।

नागर विमानन मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू की मौजूदगी में इस समझौते की घोषणा की गई। मंत्री ने इसे भारत के विमानन पारिस्थितिकी तंत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह साझेदारी मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति देगी।

अडानी समूह के अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए स्वदेशी समाधान विकसित होंगे, साथ ही घरेलू कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, एमआरओ सेवाओं और एयरोस्पेस आपूर्ति श्रृंखला को भी मजबूती मिलेगी। इससे भारत के एयरोस्पेस सेक्टर में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

एम्ब्रायर के प्रतिनिधियों ने कहा कि भारत वैश्विक विमानन बाजार में तेजी से उभर रहा है और अडानी समूह के साथ साझेदारी से भारत में आधुनिक क्षेत्रीय विमान निर्माण की क्षमता विकसित की जा सकेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *