खाली बंद पड़े मकानों में चोरी करने वाले दो शातिर अपराधी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

संवाददाता — कानपुर देहात

अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में थाना भोगनीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाली बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देश एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में दिनांक 24 जनवरी 2026 को थाना भोगनीपुर पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर दो मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों का पीछा किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल अभय प्रताप सिंह एवं हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव घायल हो गए।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजन उर्फ उदयवीर (23 वर्ष) एवं शिवा (19 वर्ष) निवासी मऊखास अमरौधा थाना भोगनीपुर के रूप में हुई है।

अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 320 रुपये नकद एवं एक यामाहा एफजेडएस मोटरसाइकिल (संख्या UP78GJ1302) बरामद की गई।

घायल पुलिसकर्मियों एवं घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी पुखरायां भेजा गया। मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन भी किया गया।

पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध थाना भोगनीपुर में धारा 109(1)/3(5) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त राजन उर्फ उदयवीर का आपराधिक इतिहास लंबा है, जिसके विरुद्ध चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पूर्व में दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अभियुक्तों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *