संवाददाता — उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद, लोक निर्माण विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा राठ रोड, उरई पर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटवाए गए।
अभियान के दौरान सड़क एवं पटरियों पर अस्थायी रूप से किए गए निर्माण, ठेले, गुमटी एवं अन्य अवरोधों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। जनहित को ध्यान में रखते हुए यह कार्यवाही की गई है। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।