सांसद नारायणदास अहिरवार की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

संवाददाता — उरई/जालौन

विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में नारायणदास अहिरवार, सांसद जालौन–गरौठा–भोगनीपुर की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद नारायणदास अहिरवार ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान, तथा सिक्स लेन सड़क का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर डॉ. घनश्याम अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष ने व्यापारियों, एनजीओ एवं समाजसेवियों के माध्यम से राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार, ब्लैक स्पॉट के चिन्हीकरण, प्रवर्तन कार्यवाही में तेजी तथा कदौरा–जलालपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मार्ग किनारे झाड़-झंखाड़ की सफाई पर विशेष बल दिया।

गौरीशंकर वर्मा, सदर विधायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आम नागरिक मिलकर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

राजेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा से संबंधित संचालित जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था, कदौरा–जलालपुर मार्ग के चौड़ीकरण, नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके निदान एवं वहां सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कालपी–जखौली–एट–आटा मार्ग, जिला अस्पताल क्षेत्र में रैम्प सहित फुट ओवर ब्रिज निर्माण, ओवर स्पीड, बिना नंबर प्लेट एवं ओवरलोड वाहनों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में राजबीर सिंह जादौन, राष्ट्रीय महासचिव, भारतीय किसान यूनियन ने सड़कों के चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने, महाविद्यालय स्तर पर सड़क सुरक्षा प्रचार-प्रसार, कोटरा रोड के सीसी मार्ग पर आई दरारों में डामर भराव, बुंदेलखंड एवं एनएचएआई की सड़कों को गड्ढा मुक्त एवं झाड़ मुक्त करने, मानक से कम दूरी पर स्थापित टोल बूथ समाप्त करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुरक्षा अभियानों से जोड़ने पर बल दिया।

बैठक में दुर्गेश कुमार, के.के. सिंह, राजेश कुमार वर्मा, डॉ. के.के., संजय कुमार, नेहा ब्याडवाल, अर्चना सिंह, राजेश कुमार, राजकुमार पण्डित, चन्द्रप्रकाश, सुनील कुमार, महेंद्र सिंह, अमिल सक्सेना, मनोज कुमार, राजेश चन्द्र पाण्डेय, परमानन्द यादव, प्रशान्त निरंजन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सड़क सुरक्षा को लेकर समन्वित प्रयासों के माध्यम से दुर्घटनाओं में कमी लाने का संकल्प दोहराया गया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *