चौधरी चरण सिंह के विचारों को आत्मसात कर आगे बढ़ रहा है भारतीय किसान: अनुरागी

संवाददाता
उरई (जालौन)।

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती को किसान दिवस के रूप में जनपद जालौन में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के तत्वावधान में भव्य किसान मेला आयोजित किया गया, जिसमें जनपद के प्रगतिशील किसानों सहित सैकड़ों किसानों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनुरागी सिंह चौहान ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और भारतीय किसान उन्हीं विचारों को आत्मसात कर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, सस्ती बिजली और आधुनिक तकनीक किसानों तक पहुंचाई जा रही है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा फीता काटकर किया गया। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों के बिना देश की प्रगति की कल्पना नहीं की जा सकती। जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।

इस अवसर पर कृषि, पशुपालन, उद्यान एवं मत्स्य विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर किसानों को नवीन योजनाओं, उन्नत बीज, खाद, कीटनाशक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। किसान मेले में बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर लाभ उठाया।

कार्यक्रम के अंत में जनपद स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 91 प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *