उच्च न्यायालय के निर्देश पर वृद्धाश्रम व शेल्टर होम की व्यवस्थाओं की हुई गहन जांच
संवाददाता | उरई/जालौन
माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में 17 जनवरी 2026 को न्यायिक अधिकारियों द्वारा जनपद में संचालित आश्रय गृहों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान राठ रोड पर स्थित वृद्धाश्रम तथा मोहल्ला लहरियापुरवा में संचालित आश्रय गृह (शेल्टर होम) की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सबसे पहले समाज कल्याण विभाग के माध्यम से स्वैच्छिक संस्था शिवा ग्रामोत्थान सेवा संस्था, कानपुर नगर के सहयोग से राठ रोड उरई में संचालित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय वृद्धाश्रम में कुल 119 संवासी उपस्थित पाए गए। उपस्थिति पंजिका के अनुसार रात्रिकालीन कर्मचारियों एवं प्रबंधक को छोड़कर अन्य सभी कर्मचारी मौजूद थे। प्रबंधक संदीप सिंह के बारे में बताया गया कि पारिवारिक शोक के कारण वे अपने गृह जनपद गए हुए हैं।
न्यायिक अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे संवासियों से भोजन, चाय-नाश्ता तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। संवासियों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। मेडिकल डिस्पेंसरी के निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स उपस्थित मिली तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध पाई गईं। किसी भी संवासी द्वारा किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई गई।
इसके उपरांत नगर पालिका परिषद उरई के सहयोग से मोहल्ला लहरियापुरवा में लखनऊ की एक एनजीओ द्वारा संचालित आश्रय गृह (शेल्टर होम) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय प्रबंधक सहित समस्त कर्मचारी उपस्थित पाए गए। मेडिकल डिस्पेंसरी में सभी दवाएं व्यवस्थित एवं संतोषजनक स्थिति में मिलीं। आश्रित पंजिका की जांच में पूर्व तिथि में कोई भी आश्रित पंजीकृत नहीं पाया गया। हालांकि, प्रबंधक द्वारा बताया गया कि एसडीआरएफ की एक टीम एडीएम जालौन के अग्रिम आदेश तक आश्रय गृह में ठहरी हुई है।
निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने आश्रितों के रहन-सहन, खानपान, चिकित्सा, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस निरीक्षण दल में अपर जिला जज प्रथम श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी, अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल पँवार तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अभिषेक खरे शामिल रहे। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन, उरई के लिपिक श्री शुभम शुक्ला भी उपस्थित रहे।