नवरात्रि से छठ तक शांति व्यवस्था पुख्ता रहे – जिलाधिकारी

त्योहारों को देखते हुए शांति समिति की बैठक, अधिकारियों को कड़े निर्देश

कानपुर देहात, 19 सितम्बर 2025 (सूचना विभाग)।

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आगामी पर्व-नवरात्रि, महाष्टमी, दशहरा/विजयदशमी, दीपावली एवं छठ पूजा के दृष्टिगत जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि—

  • सभी संबंधित अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें, किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

  • पंडाल परंपरागत स्थान पर ही स्थापित किए जाएं, सीसीटीवी कैमरे व फायर एनओसी अनिवार्य रूप से हो।

  • मूर्ति विसर्जन नदियों में न होकर चिन्हित स्थलों पर ही हो, वहां गोताखोर व सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहे।

  • पंडालों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल व विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

  • डीजे निर्धारित मानक पर ही बजें, अश्लील गाने व नृत्य पूर्णतः प्रतिबंधित हों।

  • शोभायात्रा पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकले और कोई नई परंपरा न जोड़ी जाए।

  • दीपावली पर पटाखों की दुकानें घनी आबादी से दूर लगाई जाएं और वहां अग्निशमन व्यवस्था हो।

  • यातायात व्यवस्था बेहतर करने हेतु विशेष प्लानिंग की जाए ताकि कहीं जाम की स्थिति न बने।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि—

  • मूर्ति विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर श्रद्धालु व बच्चे अनावश्यक रूप से न रहें।

  • सभी डीजे संचालकों को नोटिस देकर मानक ध्वनि सीमा का पालन कराया जाए।

  • दशहरे पर रावण दहन के पुतलों में विस्फोटक सामग्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

बैठक में प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरु, आयोजकगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *