कान्हा गौशाला निरीक्षण में जिलाधिकारी का संवेदनशील रूप, गोवंशों को किया दुलार

डीएम–एसपी ने बबीना व कदौरा गौशालाओं का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में लापरवाही पर सख्त निर्देश

संवाददाता — उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बबीना एवं कदौरा स्थित कान्हा गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण कर गोवंश संरक्षण एवं व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

निरीक्षण के समय जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गोवंशों को गुड़ खिलाया। इस दौरान एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब जिलाधिकारी ने गोवंशों को पुकारा और वे दौड़ते हुए उनके पास आ गए। जिलाधिकारी ने गोवंशों को दुलारते हुए उनके संरक्षण और समुचित देखभाल के महत्व पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोवंशों के लिए हरा चारा, स्वच्छ पेयजल एवं नियमित चिकित्सीय देखभाल की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में सुबह-शाम प्रतिदिन अनिवार्य रूप से सफाई कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

निरीक्षण के अंत में गौशाला प्रबंधन को व्यवस्थाओं में सुधार, सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि गोवंशों का संरक्षण मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *