बंद व घाटे में चल रहे सिनेमाघरों को मिलेगा नया जीवन, समेकित प्रोत्साहन योजना लागू

आधुनिकीकरण, पुनर्निर्माण व नए मल्टीप्लेक्स को मिलेगा सरकारी प्रोत्साहन

कानपुर देहात | 02 फरवरी 2026

राज्य कर विभाग के अंतर्गत मनोरंजन कर से संबंधित पुराने, बंद पड़े अथवा घाटे में संचालित सिनेमाघरों के पुनरुद्धार एवं आधुनिकीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा समेकित प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत सिनेमाघरों को रीमॉडल, नव-निर्माण अथवा संशोधन के माध्यम से पुनः संचालन हेतु प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।

यह जानकारी सहायक आयुक्त, राज्य कर, खंड–01 (प्रभारी मनोरंजन कर), कानपुर देहात नरेश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि वर्षों से बंद पड़े दो सिनेमाघरों तथा एक वर्तमान में संचालित सिनेमा हॉल को नया जीवन देने के उद्देश्य से यह योजना लागू की गई है।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पुराने एवं जर्जर सिनेमाघरों का आधुनिकीकरण कर उन्हें आधुनिक स्वरूप में पुनः प्रारंभ किया जा सकता है, जिससे आमजन को बेहतर एवं सुलभ मनोरंजन उपलब्ध होगा। साथ ही लंबे समय से बंद पड़े सिनेमाघरों को पूर्णतः ध्वस्त कर उनके स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त लघु क्षमता वाले सिनेमा हॉल एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जो सिनेमाघर आंशिक रूप से संचालित हैं या बंद हो चुके हैं, उनकी आंतरिक संरचना में आवश्यक परिवर्तन कर पुनः संचालन करने पर भी सरकारी प्रोत्साहन एवं लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना के तहत 75 या उससे अधिक सीट क्षमता वाले एकल स्क्रीन सिनेमाघरों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि जिन क्षेत्रों में अभी तक मल्टीप्लेक्स की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां नए मल्टीप्लेक्स खोलने तथा जिन क्षेत्रों में पहले से मल्टीप्लेक्स मौजूद हैं, वहां नए मल्टीप्लेक्स के निर्माण को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी अथवा सहयोग हेतु इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में सहायक आयुक्त, राज्य कर, खंड–01 (प्रभारी मनोरंजन कर), कानपुर देहात, अकबरपुर तहसील परिसर भवन के द्वितीय तल स्थित राज्य कर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *