संवाददाता – कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण, बैंकिंग व्यवस्था की सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में दिनांक 02 फरवरी 2026 को जनपद के सभी सर्किलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों के थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी एवं क्षेत्रीय पुलिस बल द्वारा अपने-अपने क्षेत्राधिकार में स्थित बैंकों, एटीएम काउंटरों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में गहन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान बैंकों एवं एटीएम में तैनात सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अलार्म सिस्टम, एटीएम कक्षों की प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया गया।
इसके साथ ही बैंक व एटीएम परिसरों तथा आसपास घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान सुनिश्चित की गई। अभियान के दौरान थाना प्रभारीगण द्वारा बैंक प्रबंधकों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, जिनमें संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने, रात्रि में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा आपात स्थिति में डायल–112 का उपयोग करने के निर्देश शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस प्रकार के चेकिंग अभियानों को नियमित रूप से जारी रखा जाए, ताकि बैंकिंग क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोका जा सके। जनपद पुलिस की यह पहल आमजन की सुरक्षा एवं विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
अंत में पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर सूचना दें।