संवाददाता — उरई/जालौन
जनपद जालौन में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी स्वयं जिम्मेदारी लेकर कार्य करें। जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
प्रशासन द्वारा इस प्रकार की जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास निरंतर जारी है।