संवाददाता — उरई/जालौन
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं माय भारत संगठन मुख्यालय के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत जालौन द्वारा युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बोहदपुरा परिसर में पदयात्रा के माध्यम से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को मतदाता शपथ दिलाई गई तथा प्रथम बार मतदाता बने युवाओं को टी-शर्ट एवं बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना तथा उन्हें अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत जालौन के जिला युवा अधिकारी श्री रवि दत्त ने बताया कि माय भारत संगठन द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर देशभर में पदयात्रा एवं साइकिल यात्रा के माध्यम से युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत होता है।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवाओं को जलपान भी उपलब्ध कराया गया। साथ ही युवाओं को स्वास्थ्य एवं खेल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उन्हें खेल सामग्री भी वितरित की गई, जिससे स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सके।
इस अवसर पर सीमा, मोनिका, आदित्य, विकास तिवारी, साबिर खान सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें युवाओं ने मतदान के महत्व को समझते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।