मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान

बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को दिए सुरक्षा और अधिकारों के संदेश

संवाददाता, कानपुर देहात
महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 8 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस ने “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया।

अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना तथा अपराधों से बचाव के उपायों से अवगत कराना रहा। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) और 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी।

इसके साथ ही यूपीसीओपी ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई और सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी खातों—से बचाव के उपाय भी बताए गए।

कानूनी अधिकारों के अंतर्गत महिलाओं को पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम और आईटी एक्ट से जुड़े प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *