पुखरायां के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता, कानपुर देहात
समग्र शिक्षा माध्यमिक के अंतर्गत “कैरियर गाइडेंस प्रोग्राम फॉर गर्ल्स” के तहत जनपद स्तरीय बेस्ट प्रैक्टिसेज कार्यशाला का आयोजन शनिवार को पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पुखरायां में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक कुलदीप वर्मा और समग्र शिक्षा जिला समन्वयक सत्यनारायण कटियार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में जनपद के सभी राजकीय विद्यालयों के ‘विद्यालय पंख’ नोडल अधिकारियों ने कैरियर गाइडेंस के अंतर्गत किए गए कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया और अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्य कामिनी पाल ने जिम्मेदारी के साथ किया।
इस अवसर पर जनपद नोडल प्रभारी अनुप्रिया गौतम, प्रवक्ता, पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पुखरायां ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। वहीं वीरांगना झलकारी बाई राजकीय इंटर कॉलेज परौंख के प्रवक्ता कौशल किशोर तिवारी ने जनपद के विद्यालयों में हो रहे कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कैरियर गाइडेंस को और प्रभावी बनाने पर अपने विचार रखे।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोत के प्रधानाध्यापक देशराज दिवाकर ने कार्यक्रम को सराहनीय बताते हुए जनपद के नोडल प्रभारियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यशाला में छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए विभिन्न करियर विकल्पों पर भी चर्चा की गई।