अभिलेखों के रखरखाव, सफाई व पारदर्शी कार्यप्रणाली पर दिए सख्त निर्देश
संवाददाता, कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसील डेरापुर का निरीक्षण कर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों का अवलोकन करते हुए अभिलेखों एवं पत्रावलियों के रखरखाव की स्थिति की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कर्मचारियों से अलमारियां खुलवाकर अभिलेखों की स्थिति देखी और निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रेणीबद्ध तरीके से रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आसानी से उपलब्ध हो सके। रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के वैज्ञानिक संरक्षण और व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने नजारत शाखा एवं संग्रह अनुभाग का निरीक्षण कर राजकीय अभिलेखों और सामग्रियों के रखरखाव की जानकारी ली तथा लंबित पत्रावलियों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, रजिस्ट्री कक्ष, मतदाता पंजीकरण कक्ष, अभिलेखागार तथा एसआईआर से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को सतर्कता और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा रजिस्ट्री कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी व तहसीलदार को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही कर्मचारियों को समय से कार्यालय में उपस्थित रहने, लापरवाही न बरतने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी डेरापुर सुरभि शर्मा, तहसीलदार जितेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।