संवाददाता
कोंच (जालौन)।
नगर क्षेत्र में मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एसडीएम कोंच तुषार भाट सिंह ने एक दिव्यांग वृद्ध महिला को शेल्टर होम पहुंचाकर उसके रहने और भोजन की समुचित व्यवस्था कराई।
मामला नगर स्थित पानी की टंकी के पास का है, जहां बीती रात एक वृद्ध दिव्यांग महिला सड़क किनारे ठंड में बैठी हुई मिली। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर एसडीएम तुषार भाट सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर महिला की स्थिति का जायजा लिया। महिला ठंड से कांप रही थी और उसके पास न तो रहने की कोई व्यवस्था थी और न ही भोजन की।
एसडीएम ने तत्परता दिखाते हुए पहले महिला को अपने सामने भोजन कराया और उसके लिए गर्म कपड़ों की व्यवस्था करवाई। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम कंचन निवासी कांदन बताया। महिला ने बताया कि उसका कोई सहारा नहीं है और वह लंबे समय से इधर-उधर भटक रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल महिला को वृद्धाश्रम/शेल्टर होम भेजने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित रूप से शेल्टर होम पहुंचाया गया, जहां उसके रहने, भोजन और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
एसडीएम तुषार भाट सिंह ने कहा कि प्रशासन का दायित्व है कि कोई भी असहाय, वृद्ध या दिव्यांग व्यक्ति बेसहारा न रहे। इस तरह के मामलों में तत्काल सहायता पहुंचाई जाएगी।
प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की नगरवासियों ने सराहना की और इसे मानवता की मिसाल बताया।