जिलाधिकारी और सांसद ने बैठक में कहा – सुरक्षा में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं
जालौन, 16 सितम्बर 2025 (सूचना विभाग प्रकाशनार्थ)।
विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में मा० सांसद नारायण दास अहिरवार की अध्यक्षता में ‘‘संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति’’ की बैठक आयोजित हुई। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में ‘‘जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति’’ एवं ‘‘जिला सड़क सुरक्षा समिति’’ की बैठक भी सम्पन्न हुई।
बैठक में सांसद नारायण दास अहिरवार ने कहा कि ई-रिक्शा की अनियंत्रित पार्किंग शहरों और कस्बों में गंभीर समस्या बन चुकी है। इस पर प्रभावी कार्यवाही होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने पर विशेष बल दिया, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व बैठकों के अधूरे कार्यों को 15 दिनों में हर हाल में पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने निर्देशित किया कि—
-
ओवरलोडिंग
-
रॉन्ग साइड वाहन
-
शराब पीकर वाहन चलाने वाले
-
बिना हेलमेट बाइक सवार
-
बिना सीट बेल्ट चारपहिया चालक
-
बिना फिटनेस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट वाले वाहन
के खिलाफ कठोर प्रवर्तन कार्यवाही की जाए।
बैठक में मा० जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने एनएचएआई मार्गों को गड्ढामुक्त कराने, ब्लैक स्पॉट्स पर चेतावनी संकेतक लगाने, मानक से कम दूरी पर बने टोल बूथों को समाप्त करने और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान पर जोर दिया।
मा० विधायक कालपी के प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी ने गलत दिशा में चलने वाले वाहनों, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट यात्रियों पर कार्यवाही की मांग की। साथ ही उन्होंने जोल्हुपुर रेलवे क्रॉसिंग पर अधूरे फ्लाईओवर को शीघ्र पूर्ण कराने पर बल दिया।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजबीर सिंह जादौन ने सड़कों का चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने, महाविद्यालय स्तर पर सड़क सुरक्षा का प्रचार-प्रसार और अनावश्यक बिजली के पोल हटवाने की बात कही।
बैठक में नगर अध्यक्ष ऊमरी विजय कुमार सिंह भदौरिया, सांसद प्रतिनिध राजीव शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी के0के0 सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी एन0डी0 शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप वर्मा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पण्डित, बेसिक शिक्षा अधिकारी चन्द्रप्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।