जिला दीवानी न्यायालय उरई में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित

संवाददाता – उरई/जालौन

माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश जालौन श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के संबंध में जिला दीवानी न्यायालय उरई में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी ने की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को मेगा शिविर के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी विभागों से पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।

अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन श्रीमती पारूल पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 22.02.2026 को जनपद जालौन में आयोजित होने वाले इस मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के व्यक्तियों का विधिक सशक्तीकरण करना तथा उन्हें विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान जिले के समस्त विभागों द्वारा एक ही स्थान पर अलग-अलग कैम्प लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से लाभार्थियों को चिन्हित कर योजनाओं का लाभ दिया जाएगा तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी विभागों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी, जिससे मेगा शिविर की सार्थकता सिद्ध हो सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की सूची शीघ्र ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में उपलब्ध कराएं। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मेगा शिविर के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के डिपो प्रभारी श्री कृष्ण प्रताप सिंह, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी श्री रतन लाल चौहान, मनोरंजन कर विभाग से उपायुक्त राज्य कर श्री सचिन आनंद, डाक विभाग के प्रतिनिधि श्री विशाल गुप्ता, मत्स्य विभाग के प्रतिनिधि वरिष्ठ सहायक श्री राजीव कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *