समाचार:
जालौन, 11 नवंबर 2025।
जनपद में शान्ति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन ने क्षेत्राधिकारी नगर व कोतवाली उरई पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में मुख्य मार्ग, सर्राफा बाजार, रेलवे स्टेशन तथा सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को चौकसी बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा जनता के साथ संवेदनशील व सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों व सार्वजनिक आयोजनों के दौरान भीड़-भाड़ वाले इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग व पैदल गश्त से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकता है। साथ ही स्थानीय व्यापारियों व नागरिकों से संवाद स्थापित कर जनसहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जालौन पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तत्पर और प्रतिबद्ध है।