महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना मुख्य लक्ष्य
कानपुर देहात, 16 सितम्बर 2025।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान – ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ का आयोजन किया जा रहा है। इसका समापन गांधी जयंती के अवसर पर किया जाएगा।
यह अभियान महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित पोषण माह के साथ समन्वित रूप से संचालित होगा। राष्ट्रीय स्तर पर इसका शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा मध्य प्रदेश से किया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है, विशेषकर वे महिलाएं और बच्चे जो अब तक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह गए हैं।
इस दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और अन्य सरकारी चिकित्सा इकाइयों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें महिलाओं को आवश्यक चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जनपद कानपुर देहात में इस अभियान का मुख्य आयोजन मेडिकल कॉलेज / जिला चिकित्सालय अकबरपुर में किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि 17 सितम्बर 2025 को अधिक से अधिक संख्या में मेडिकल कॉलेज/जिला चिकित्सालय अकबरपुर पहुँचें, स्वास्थ्य संबंधी जांच कराएं और इस अभियान का लाभ उठाएं।