जिलाधिकारी ने की नहरों की सिल्ट सफाई की प्रस्तावित कार्ययोजना पर बैठक

जनपद – कानपुर देहात
दिनांक – 10 नवम्बर 2025


जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाए — जिलाधिकारी कपिल सिंह
नहरों की सफाई कार्यवाही तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराई जाए


कानपुर देहात, 10 नवम्बर।
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन. की उपस्थिति में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में नहरों की सिल्ट सफाई की प्रस्तावित कार्ययोजना के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की सभी नहरों, रजवाहों एवं माइनरों की सिल्ट सफाई की कार्यवाही तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराई जाए, ताकि आगामी रबी सत्र के दौरान किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि नहरों में सिल्ट जमाव, अवरोध या टूट-फूट की स्थिति में त्वरित सुधार कार्य सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा एवं निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी


सफाई कार्य का सत्यापन एवं रिपोर्ट अनिवार्य

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नहरों की सफाई कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया जाए तथा कार्य पूर्ण होने पर फोटोग्राफ एवं वीडियो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
उन्होंने कहा कि नहरों की सफाई से जल प्रवाह सुचारु रहेगा, जिससे सिंचाई प्रणाली में सुधार होगा और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी।


हेड से टेल तक सफाई एवं पारदर्शिता पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नहरों की हेड से टेल तक सफाई मानक के अनुरूप कराई जाए तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही जिन नहरों की सफाई कराई जा रही है, उनकी जानकारी ग्राम प्रधानों व किसानों को समय से उपलब्ध कराई जाए ताकि वे कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता से अवगत रह सकें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी सफाई कार्यों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से की जाए तथा जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर उसका संपर्क नंबर व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए, जिससे किसान अथवा ग्रामीण अपनी सूचना या शिकायत दर्ज करा सकें।


874 किलोमीटर नहरों की सफाई की तैयारी पूरी

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग ने अवगत कराया कि जनपद कानपुर देहात में लगभग 874 किलोमीटर लंबाई की नहरों की सफाई की जानी है, जिसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन., अधिशासी अभियंता सिंचाई, उप जिलाधिकारीगण, तहसीलवार सिंचाई अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


(सूचना विभाग, कानपुर देहात)
प्रकाशनार्थ / प्रसारणार्थ

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *