वॉशिंगटन। अमेरिका और सीरिया के बीच कूटनीतिक रिश्तों में एक नया अध्याय जुड़ गया है। सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के लिए सोमवार को अमेरिका पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय स्थिरता पर चर्चा होगी।
एजेंसी सूत्रों के अनुसार, यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि लंबे समय से तनावपूर्ण रहे अमेरिका-सीरिया संबंधों में यह पहली उच्चस्तरीय वार्ता होगी। राष्ट्रपति अल-शरा के साथ सीरियाई प्रतिनिधिमंडल के कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए हैं, जो आर्थिक सहयोग और आतंकवाद निरोधक रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
अमेरिकी प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए अल-शरा ने कहा कि उनका उद्देश्य “सीरिया और अमेरिका के बीच विश्वास बहाली की दिशा में ठोस कदम उठाना” है। वहीं, ट्रंप प्रशासन ने इसे “मध्य पूर्व में स्थिरता के लिए एक सकारात्मक पहल” बताया है।
गौरतलब है कि नवंबर 2024 में विपक्षी ताकतों की बगावत को समाप्त करते हुए अल-शरा ने सत्ता संभाली थी। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में कई कदम उठाए।
सूत्रों के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान हुई बातचीत के बाद यह बैठक तय हुई थी। अमेरिका ने इस वार्ता के बाद सीरिया को अपनी बैकग्राउंड आतंकवादी सूची से हटाने का प्रस्ताव भी पेश किया है।
कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मुलाकात दोनों देशों के संबंधों में एक नया मोड़ साबित हो सकती है और मध्य पूर्व की राजनीति पर इसके व्यापक असर देखने को मिल सकते हैं।