एडमिनिस्ट्रेटिव जज जस्टिस सौरभ श्रीवास्तव ने जिला जेल उरई का किया निरीक्षण

बंदियों से संवाद कर समस्याएं सुनीं, विधिक सहायता योजनाओं का लाभ लेने की दी सलाह

संवाददाता, उरई/जालौन
जनपद जालौन के एडमिनिस्ट्रेटिव जज एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जस्टिस सौरभ श्रीवास्तव ने 7 फरवरी 2026 को जिला जेल उरई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान सबसे पहले न्यायमूर्ति ने जेल अधीक्षक नीरज देव से कारागार की मूलभूत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद कारागार में आयोजित विधिक साक्षरता एवं सहायता शिविर में पहुंचकर बंदियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं का समाधान व आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

न्यायमूर्ति सौरभ श्रीवास्तव ने बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं का पूरा लाभ लेने की सलाह दी और लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) को अपने दायित्वों का ईमानदारी व कर्मठता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल प्रशासन को भी बंदियों के मूलभूत अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कारागार के भ्रमण के दौरान व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए न्यायमूर्ति ने भविष्य में भी बंदियों के हित में रचनात्मक और आवश्यक कदम उठाते रहने की सलाह दी। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय में न्यायाधीश बनने से पूर्व वे विधिक सहायता से जुड़े रहे हैं।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शाम्भवी प्रथम उपस्थित रहीं और एलएडीसी टीम ने बंदियों को विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में जेल अधीक्षक नीरज देव ने न्यायमूर्ति का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया।

इस दौरान कारापाल प्रदीप कुमार, कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल बर्मन, उपकारापाल अमर सिंह व राम लखन, विधिक सहायता डिफेंस काउंसिल अभिषेक व दीपक, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य, मेडिकल कॉलेज उरई के मनोचिकित्सक व मनोवैज्ञानिक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *