संवाददाता – उरई/जालौन
जनपद जालौन में तेंदुए की संभावित गतिविधि को लेकर राजेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी एवं डॉ. दुर्गेश कुमार, पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस क्रम में वन विभाग की टीम तथा कोतवाली कोंच पुलिस बल के साथ ग्राम रवा में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तेंदुए से जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उसे शीघ्र पकड़े जाने हेतु चल रही कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संयुक्त समन्वय के साथ सर्च ऑपरेशन को तेज किया जाए, ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी संवाद कर सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से अकेले खेतों या सुनसान क्षेत्रों में न जाने, बच्चों की विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस या वन विभाग को देने की अपील की। साथ ही, रात्रिकालीन गश्त, प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक बैरिकेडिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय है और तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि जनधन की किसी प्रकार की हानि न हो।