✳️ कानून व्यवस्था, धान क्रय, आगामी त्योहारों एवं जनसुविधा की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी द्वारा दिए गए सख्त निर्देश

जनपद कानपुर देहात | दिनांक : 06 नवम्बर 2025

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुपालन में कानून व्यवस्था, धान क्रय, आगामी त्योहारों एवं जनसुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं के दृष्टिगत सख्त निर्देश जारी किए।

उन्होंने कहा कि जनपद में सभी पर्व-त्योहार पूर्णतः शांतिपूर्ण, श्रद्धामय एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हों। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि घाटों, मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं मेलों में
स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, फ्लोटिंग बैरियर, सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल टॉयलेट, खोया-पाया केंद्र एवं स्वास्थ्य उपकेंद्र जैसी सुविधाएं पूर्व से सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने पुलिस विभाग को भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए। स्नान घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर एसडीआरएफ व एनडीआरएफ टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने, बिना लाइफ जैकेट के बोटिंग पर रोक, तथा ड्रोन एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम से सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्थान पर अत्यधिक भीड़ एकत्र न होने पाए, इसके लिए स्थलवार निरीक्षण कर रक्षोपाय किए जाएं। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा हेतु सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों व एंटी रोमियो स्क्वॉड की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग को पर्व-त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जर्जर तारों की मरम्मत एवं आवश्यक उपकरणों की पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए।
यातायात विभाग को वाहनों की पार्किंग, डायवर्जन प्वाइंट एवं होल्डिंग एरिया चिन्हित कर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा एवं अग्निशमन विभाग को 24×7 अलर्ट पर रहते हुए सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि निराश्रित गो-आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण कर चारा, पानी एवं चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा मृत गोवंश का तत्काल निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी व रसोइया कर्मियों को मानदेय का समय से भुगतान किया जाए।

कृषि विभाग को निर्देश दिए गए कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, किसी भी स्तर पर विचौलियों की भूमिका स्वीकार्य नहीं होगी। खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
हाल की वर्षा से प्रभावित फसलों का त्वरित सर्वेक्षण कर नियमानुसार मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

खनन विभाग को अवैध खनन रोकने हेतु विशेष टीम गठित कर औचक निरीक्षण करने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ अभियान के तहत प्राप्त जनसुझावों को विकास योजनाओं में सम्मिलित कर जनभागीदारी को सशक्त बनाया जाए।
आईजीआरएस एवं जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
राजस्व विभाग को नामांतरण, वरासत एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों के निस्तारण में विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि शासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का हर स्तर पर पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग जनसुविधा, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण तत्परता बरतें ताकि जनपद कानपुर देहात में सभी पर्व-त्योहार शांति, स्वच्छता एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हों।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *