✳️ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 964 जोड़ों का होगा भव्य विवाह समारोह

जनपद जालौन | दिनांक : 05 नवम्बर 2025
सूचना विभाग प्रकाशनार्थ

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद जालौन में दिनांक 06 नवम्बर 2025 को विशिष्ट मंडी, कालपी रोड, उरई में एक भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कुल 964 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि सभी जोड़ों को प्रातः 8:00 बजे तक विवाह स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। आगमन पर जोड़ों को वैवाहिक सामग्री (चुनरी, पायल व फेटा) प्रदान की जाएगी तथा बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई जाएगी।
ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण होने के पश्चात जोड़ों एवं उनके परिजनों के लिए भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था भी की गई है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, भोजन वितरण, पेयजल, विद्युत व स्वच्छता व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए

जिलाधिकारी ने कहा —

“मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना राज्य सरकार की एक जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को समान अवसर प्रदान करना एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि —

“बिना बायोमैट्रिक उपस्थिति के कोई भी जोड़ा विवाह या योजना का लाभ प्राप्त नहीं करेगा।”

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह, तथा समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *