✳️ पंचनद पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी

जनपद जालौन, 05 नवम्बर 2025 — सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पंचनद संगम, जहां यमुना, चम्बल, पहुंज, सिंध और क्वारी नदियों का संगम होता है, पर आस्था का विशाल सैलाब उमड़ पड़ा।
सुबह से ही हजारों श्रद्धालु पंचनद के पवित्र जल में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित करते और आरती, भजन व दान-पुण्य में सम्मिलित होते नजर आए।

स्नान पर्व की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार स्वयं पंचनद संगम पहुंचे। अधिकारियों ने घाटों, मुख्य मार्गों, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई तथा सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा मेला क्षेत्र में स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था निरंतर बनी रहे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा दल एवं सफाई कर्मी 24 घंटे मुस्तैद रहें ताकि स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि मेले में आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए, भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा गश्त टीम लगातार सक्रिय रहे ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *