पंचायत चुनाव से दूर रहेगी सपा, 2027 विधानसभा संग्राम पर होगा पूरा फोकस

लखनऊ। यूपी में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर जहां एक ओर राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने बड़ा ऐलान कर दिया है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने साफ कहा कि सपा पंचायत चुनाव नहीं लड़ेगी। उन्होंने बताया कि सपा का पूरा ध्यान 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर केंद्रित होगा।

शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी अब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम सभा सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों पर हिस्सा नहीं लेगी। इसके बजाय सपा कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अपनी ऊर्जा लगाएंगे।

यह घोषणा उन्होंने गोरखपुर जनपद के गोला क्षेत्र के ग्राम मुंडेरा में पूर्व प्रधान गुरुचरण सिंह यादव की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में की। यहां पहुंचे शिवपाल यादव ने साफ किया कि सपा अब अपनी पूरी ताकत विधानसभा चुनाव में लगाएगी।

उन्होंने कहा कि टिकट बंटवारे को लेकर सपा बेहद गंभीर है और मजबूत प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों के नाम जल्द घोषित कर दिए जाएंगे, ताकि उन्हें तैयारी का पर्याप्त समय मिल सके।

सपा नेताओं का मानना है कि पंचायत चुनाव में संसाधन और ऊर्जा खर्च करने से बेहतर है कि सीधे विधानसभा चुनाव पर ही फोकस किया जाए, ताकि 2027 में पार्टी मजबूती से मुकाबला कर सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *